महेंद्र सिंह धोनी, वो नाम जिसने भारतीय क्रिकेट का चेहरा बदल दिया है। क्रिकेट भारत में एक धर्म है, जिसमें धोनी को पूजा गया है। माही, थलाइवा एक ऐसा शख्स है जिसने हमें उम्मीद रखना सिखाया। जब माही खेलता था तो आखिरी गेंद तक मैच जीतने की उम्मीद होती थी। एक विश्वास रहता था कि माही है वो हारने नहीं देगा।
साल 2007 का विश्व कप तो याद ही होगा, जिसमें धोनी ने विश्वास रखा था एक ऐसे खिलाड़ी पर जिसका बहुत छोटा करियर रहा। धोनी को शायद इसलिए भारत का अब तक का बेस्ट कप्तान कह सकते हैं, क्योंकि नए खिलाड़ियों को टीम में लाना हो या फिर नए एक्सपेरिमेंट करना हो। धोनी को इसमें महारथ हासिल थी।
धोनी कप्तान नहीं भी थे जब तब भी वो विकेट के पीछे से गेम अपने तरीके से चलाने में उस्ताद थे और कोहली की भी हर बात में समर्थन करते थे। लेकिन अब इंटरनेश्नल गेम में वो विकेट के पीछे से बातें नहीं होंगी। गेंदबाजों को नहीं बताया जाएगा कि कहां गेंद की जाए। हां, आईपीएल में जरूर थलाइवा नजर आएंगे, लेकिन नीली जर्सी में नहीं।
कैप्टन कूल ने अपनी कूलनेस बरकरार रखते हुए, बेहद शांति से एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिये संन्यास लेने का ऐलान किया। इसके बाद से हर क्रिकेट फैन मायूस था, सभी उदास थे, बहुत से फैंस की आंखें भी नम हुई। ऐसा शायद ही कोई होगा जिसने कभी खुद को धोनी के सामने सरेंडर न किया हो।
अब जबकि ये खिलाड़ी भारत के लिए और नहीं खेलेगा तो ऐसे में इनके कुछ फैक्ट्स और रिकॉर्ड जानने तो बेहद जरूरी हैं। क्योंकि धोनी का नंबर 7 था तो हम आपको 7 ही फैक्ट्स बताएंगे क्योंकि अगर सारे बताने लगे तो शायद कभी खत्म न हो।
धोनी के 7 फैक्ट्स
- धोनी अपने पहले मैच (2004 बनाम बांग्लादेश) और अंतिम मैच (2019 बनाम न्यूजीलैंड) दोनों में ही रन आउट हुए थे
- अपने दोस्त संतोष लाल से सीखा था हेलिकॉप्टर शॉट, जो कि उनकी पहचान बन गया
- धोनी ने 2 बार ICC Player of The Year का खिताब अपने नाम किया है
- 2011 में धोनी Indian Territorial Army में Lt. Colonel बनें और उनका आर्मी के लिए प्यार बार-बार सामने जर आता है
- फिल्मस्टार नागार्जुन के साथ मिलकर धोनी एक रेसिंग टीम भी चलाते हैं
- धोनी के पास 23 से ज्यादा बाइक का कलेक्शन है, जो कि अभी भी लगातार बढ़ रहा है
- आईपीएल के पहले ऑक्शन में धोनी सबसे महंगे खिलाड़ी थे
MSD इंटरनेश्नल क्रिकेट – 2004 से 2020 लेकिन देश का प्यार और सम्मान हमेशा। आप हमेशा भारत के वो कप्तान रहेंगे जिन्होंने इस देश को जीतना सिखाया। थैंक यू थलाइवा, आप हमेशा हमारे कप्तान रहेंगे।