पूरा विश्व इस वक्त कोरोना वायरस से परेशान है, रोज संक्रमित लोगों के आंकड़ें बढ़ते जा रहे हैं तो मौतों का सिलसिला भी रुक नहीं रहा है। इस महामारी की वजह से सभी स्पोर्ट्स इवेंट रद्द हो गए हैं। जो खिलाड़ी पूरा दिन फील्ड पर पसीना बहाते नजर आते थे, वो अब घर की चार दीवारों में कैद है। लेकिन कुछ खिलाड़ी ऐसे भी है जो खेल से नहीं बल्कि इंसानियत से लोगों का दिल जीत रहे हैं। दरअसल क्रिकेट से लेकर फुटबॉल हॉकी तक के कई खिलाड़ी लोगों की मदद करते नजर आ रहे हैं। ये खिलाड़ी फ्रंटफुट पर आ कर लोगों की सेवा कर रहे हैं।
यहां पर मदद का मतलब हम दान से नहीं कर रहे हैं, दान तो विश्व के सैंकड़ों खिलाड़ियों ने अरबों रुपयों का किया है। लेकिन ये खिलाड़ी या तो डॉक्टर बन या नर्स बन कोरोना से लड़ने में लोगों की मदद कर रहे हैं।
कोरोना में मदद करते खिलाड़ी
1- हीदर नाइट (क्रिकेटर)
हीदर नाइट इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हैं और वो पिछले 1 महीने से ब्रिटेन की ‘नेशनल हेल्थ सर्विस’ के साथ स्वयंसेवक बनकर डॉक्टरों की मदद कर रही है। 29 साल की हीदर नाइट दवाइयों को अस्पताल पहुंचाने का काम कर रही हैं।
2- टोनी डोवाले (फुटबॉलर)
इंडियन सुपर लीग में बेंगलुरु FC के लिए खेल चुके स्पेन के फुटबॉल खिलाड़ी टोनी डोवाले एक फार्मासिस्ट बन गए हैं। वो कोरोना मरीजों की सेवा करने का काम कर रहे हैं। दरअसल डोवाले के पास फार्मासिस्ट की डिग्री भी है और उन्होंने घर में रहने की जगह पर कोरोना से लड़ने के लिए अपने देश की सेवा करने का विकल्प चुना।
3- जोयसे सोमब्रोएक (हॉकी)
जोयसे सोमब्रोएक नीदरलैंड की महिला हॉकी टीम की पूर्व गोलकीपर हैं। ये 2012 के लंदन ओलिंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम का हिस्सा थी। फिलहाल वो एक डॉक्टर के रूप में कोरोना के खिलाफ मैदान में उतर गई हैं। जोयसे ने 26 साल की उम्र में ही हॉकी से संन्यास ले लिया था और फिर एम्सटरडाम में व्रिजे यूनिवर्सिटी से मेडिकल डिग्री पूरी की थी।
4- एलेक्स चार्लटन (फुटबॉलर)
अमेरिकी फुटबॉलर एलेक्स चार्लटन भी इन दिनों न्यूयार्क में नर्सिंग की ड्यूटी में लगे हुए हैं। एलेक्स ने साल 2018 में नर्सिंग की डिग्री पूरी की थी और वो इन दिनों अपनी डिग्री का पूरी तरह से इस्तेमाल कर रहे हैं।
5- रशेल लिंच (हॉकी)
रशेल लिंच एक ऑस्ट्रेलियाई महिला हॉकी खिलाड़ी है, वो अपनी टीम की गोलकीपर हैं और साथ ही एक रजिस्टर्ड नर्स भी हैं। 2020 में होने वाले टोक्यो ओलिंपिक के स्थगित होने के बाद उन्होंने कोविड-19 क्लीनिक में नर्स के तौर पर अपना रजिस्ट्रेशन करा लिया था।